टाटा ग्रुप की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। इंडियन होटल्स के शेयर शुक्रवार को 800 रुपये के पार जा पहुंचे और नया रिकॉर्ड बना दिया। हालांकि, कारोबार के आखिर में शुक्रवार को इंडियन होटल्स के शेयर NSE पर 796.85 रुपये पर बंद हुए। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों में इस साल अब तक 82 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। वहीं, एक महीने में कंपनी के शेयर 21 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 413.30 रुपये है। दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पास इंडियन होटल्स के 2 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं।
3 साल में 337% चढ़ गए इंडियन होटल्स के शेयर
इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के शेयर पिछले 3 साल में 337 पर्सेंट उछल गए हैं। इंडियन होटल्स के शेयर 26 नवंबर 2021 को 182.05 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 22 नवंबर 2024 को NSE में 796.85 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 2 साल में इंडियन होटल्स के शेयरों में 153 पर्सेंट की तेजी आई है। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयर 18 नवंबर 2022 को 313.90 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 22 नवंबर 2024 को 795 रुपये के ऊपर बंद हुए। इंडियन होटल्स का मार्केट कैप भी 1,13,426.20 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
कंपनी के शेयरों पर झुनझुनवाला का बड़ा दांव
दिग्गज निवेशक रहे राकेश झुनझुनवाला की पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के 28810965 शेयर हैं। सितंबर 2024 तिमाही के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, कंपनी में उनकी 2 पर्सेंट हिस्सेदारी है। इंटरनेशनल ब्रोकरेज हाउस जेफरीज ने इंडियन होटल्स के शेयरों पर बाय रेटिंग बनाए रखी है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों के लिए 900 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।